Type Here to Get Search Results !

मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं परिवारवार सत्यापन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने मतदान केंद्र संख्या 185 एवं 201 का किया निरीक्षण।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाए रखने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने 32-गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 185 एवं 201 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने मतदान केंद्र पर मतदाता सूची के सत्यापन, परिवारवार विवरण के संधारण तथा Family Together से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि सभी पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो जाय एवं एक ही परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का नाम संबंधित अनुभाग में व्यवस्थित रूप से दर्ज हो, ताकि मतदाता सूची में परिवारवार विवरणों में किसी प्रकार की विसंगति न रहे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि Family Together के तहत एक परिवार के सभी सदस्यों के नाम एक ही अनुभाग में करने से संबंधित निर्धारित प्रपत्र-8 की प्रक्रिया पूर्ण किया जाना शेष है।

साथ ही, संबंधित स्टीकर पर नॉशनल गृह संख्या एवं अनुभाग संख्या/नाम आदि विवरण भी अंकित किया जाना शेष पाया गया। इस पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने संबंधित बीएलओ को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करते हुए दो दिनों के अंदर हाउस रजिस्टर में परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का नाम व्यवस्थित रूप से अंकित करने तथा स्टीकर पर अनुभाग संख्या, गृह संख्या/नॉशनल गृह संख्या एवं आवश्यक अन्य विवरण दर्ज करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि Family Together के तहत परिवारवार सत्यापन का कार्य पूरी गंभीरता एवं सावधानी के साथ किया जाए, ताकि एक परिवार के पात्र मतदाताओं के नाम एक ही अनुभाग में दर्ज होने की स्थिति का समुचित सत्यापन हो सके। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण केवल नामों के सत्यापन तक सीमित नहीं है, बल्कि मतदाताओं के सही पते, गृह संख्या एवं परिवारवार विवरण का व्यवस्थित संधारण भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है।

*प्राप्त प्रपत्रों की स्थिति की भी ली जानकारी:-
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने दोनों मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची से संबंधित प्राप्त प्रपत्रों की स्थिति की भी जानकारी ली। मतदान केंद्र संख्या 185 पर अब तक Form-6 के 19, Form-7 के 00 तथा Form-8 के 22 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, मतदान केंद्र संख्या 201 पर Form-6 के 18, Form-7 के 00 तथा Form-8 के 30 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया कि प्राप्त प्रपत्रों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने एवं मतदाता विवरण में आवश्यक संशोधन से संबंधित आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लंबित कार्यों को पूर्ण करते हुए मतदाता सूची को सही, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने से वंचित न रहे, इसके लिए परिवारवार सत्यापन एवं आवश्यक प्रपत्रों की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने एवं अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें तथा किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति पाए जाने पर संबंधित बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक सुधार सुनिश्चित कराएं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.