Type Here to Get Search Results !

दुर्गापूजा से पहले सरिया नगर पंचायत फीडर चालू करने की मांग, 10 दिन में कार्रवाई नहीं तो उग्र आंदोलन।

सरिया,शिखर दर्पण संवाददाता। 

सरिया क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती और जर्जर विद्युत व्यवस्था को लेकर विद्युत संघर्ष समिति एवं सरिया के आम जनमानस ने मंगलवार को सरिया पावर सब स्टेशन में विद्युत विभाग के सहायक विद्युत अभियंता के नाम आवेदन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। सरिया के विद्युत संघर्ष समिति व आम जन ने सरिया नगर पंचायत फीडर को 10 दिनों के भीतर चालू करने तथा कालीमंडा रोड स्थित ट्रांसफार्मर को उससे जोड़ने की मांग की है। वही बीते सोमवार रात भी सरिया बाजार के आक्रोशित लोगो ने सरिया सब स्टेशन जाकर जायजा लिया था। इस बाबत समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि   उन्होंने गिरिडीह विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता से दूरभाष पर बात की और समस्या के तत्काल निराकरण की अपील की है वही सहायक विद्युत अभियंता को भी अवगत करवाया है की पिछले करीब डेढ़ माह से सरिया के लोग गंभीर बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। क्षेत्र में प्रतिदिन 10-12 घंटे तक बिजली बाधित रहने की बात कही गई है। लोगो के अनुसार 11 हजार वोल्ट की जर्जर तार बार बार टूटने, इंसुलेटर पंचर होने तथा अन्य तकनीकी खराबियों के कारण आपूर्ति प्रभावित होती रहती है।सरिया के आम लोगों व समिति ने यह भी आरोप लगाया है कि क्षेत्र में लगाए गए विद्युत तार जर्जर एवं निम्न गुणवत्ता के हैं, जिसके कारण हल्की बारिश या मौसम खराब होने पर बार-बार फॉल्ट की समस्या उत्पन्न होती है।

*दुर्गापूजा से पहले काली मंडा को जोड़ते हुए सरिया नप फीडर चालू करने की मांग*:-
विद्युत संघर्ष समिति व आम लोगो ने मांग संख्या एक में कहा है कि सरिया नगर पंचायत फीडर को 10 दिनों के भीतर तत्काल चालू किया जाए और कालीमंडा रोड स्थित ट्रांसफार्मर को तत्काल उससे जोड़ा जाए। आवेदन में कालीमंडा सरिया को प्रमुख धार्मिक स्थल बताते हुए दुर्गापूजा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इसके अलावा सरिया बाजार क्षेत्र में नगर पंचायत फीडर के अंतर्गत आने वाले 11 हजार वोल्ट के जर्जर तारों को तत्काल बदलने तथा खराब इंसुलेटर एवं अन्य उपकरणों को उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री से बदलने की मांग की गई है।
*अतिरिक्त मिस्त्री व हेल्पर की भी मांग*
लोगो ने सरिया बाजार के लिए अतिरिक्त मिस्त्री एवं हेल्पर नियुक्त करने तथा दिन-रात शिफ्ट में कार्य व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि शाम 6-7 बजे के बाद होने वाले फॉल्ट का भी शीघ्र समाधान किया जा सके।आवेदन में कहा गया है कि यदि 10 दिनों के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो सरिया की जनता एवं विद्युत संघर्ष समिति के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरना, आमरण अनशन एवं उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। तत्काल संज्ञान के लिए प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, विद्युत विभाग के सचिव, विद्युत विभाग के महाप्रबंधक, गिरिडीह उपायुक्त, विद्युत विभाग के अधिकारियों तथा बगोदर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।कार्यक्रम में मुख्य रूप से विद्युत संघर्ष समिति के अध्यक्ष विशाल गंभीर, उपाध्यक्ष विनोद मंडल, सचिव जिम्मी चौरसिया, सरिया बाजार के व्यवसायी पवन बरनवाल, अली अहमद, विशाल सलूजा, असीम सामंतों, संजय मोदी, राहुल गंभीर, राजेंद्र सिंह, रमेश मोदी, संजय साव,सुमित, पंकज मोदी, प्रमोद मोदी, सुदीप मंडल आदि कई लोग मौजूद थे ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.