Type Here to Get Search Results !

JPSC-JSSC भर्ती अनियमितताओं की CBI जांच की मांग, अभाविप ने गिरिडीह में की प्रेस कॉन्फ्रेंस।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) गिरिडीह इकाई ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर झारखंड में JPSC एवं JSSC की भर्ती परीक्षाओं, परिणामों और नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं पर गंभीर चिंता जताई। परिषद ने पूरे मामले की CBI जांच कराने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। अभाविप के प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू ने कहा कि JPSC भर्ती परीक्षाओं में परिणाम, OMR शीट और मूल्यांकन प्रक्रिया में कथित हेरफेर, अधिकारियों की गिरफ्तारी, निजी एजेंसियों एवं आयोग के पदाधिकारियों की संदिग्ध भूमिका तथा कई परीक्षाओं के स्थगन ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं JSSC की विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर भी अभ्यर्थी लंबे समय से निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं।

जिला संयोजक नीरज चौधरी ने कहा कि इन कथित अनियमितताओं से विशेष रूप से गरीब, दलित, जनजातीय, पीड़ित, शोषित एवं वंचित वर्ग के हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। वहीं SFS सह संयोजक अनीश राय ने कहा कि वर्षों की मेहनत के बावजूद युवाओं को मानसिक, आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे सरकारी भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता पर संकट खड़ा हो गया है। अभाविप ने झारखंड सरकार से मांग की कि JPSC और JSSC भर्ती प्रक्रियाओं में सामने आए कथित मामलों की CBI से निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। परिषद ने कहा कि युवाओं का सरकारी भर्ती प्रणाली पर विश्वास बहाल करने के लिए पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था आवश्यक है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.