Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में 'पद्म भूषण दिशोम गुरू शिबू सोरेन चौक का उद्घाटन//धूमधाम से मनाई गई गुरूजी की पहली पुण्यतिथि।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

झारखंड अलग राज्य के निर्माता, जल जंगल जमीन की लड़ाई लड़ने वाले, महाजनी प्रथा के ख़िलाफ़ आवाज़ बुलंद करने वाले, झारखंड के तीन बार मुख्यमंत्री रहे शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को गिरिडीह बस स्टैंड में पद्म भूषण दिशोम गुरू शिबू सोरेन चौक का उद्घाटन झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने  किया। समारोह को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि दिशोम गुरू शिबू सोरेन ने लड़कर झारखंड अलग राज्य बनाया था। उनका सपना था कि अंतिम पायदान पर खड़े लोग अपने हक अधिकार के लिए जागें, उनका कोई शोषण ना करे, वो शिक्षित हों और उनका समूचित विकास हो। गुरूजी का मानना था कि जब अंतिम पायदान पर खड़े लोगों का विकास होगा तभी हमारा झारखंड समृद्ध झारखंड बनेगा। जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि गुरूजी के सपनों को साकार करने के लिए अबुआ सरकार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में प्रयासरत है।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्षपूर्ण जीवन, झारखंड आंदोलन में उनके ऐतिहासिक योगदान और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए उनके संघर्ष को याद किया। सभी ने उनके बताए मार्ग पर चलने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सबसे भावुक पल तब आया जब नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, "आज दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि है, लेकिन ऐसा लगता ही नहीं कि वे हमारे बीच नहीं हैं। उनके विचार, संघर्ष और आशीर्वाद आज भी हम सभी के साथ है।" गुरूजी का कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत संबंध था, कार्यकर्ताओं के साथ कभी उनका नेता का संबंध नहीं रहा। उनको भूलना आसान नहीं है, इतना कहते-कहते मंत्री भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। मंच पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खड़े होकर दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरा बस स्टैंड परिसर "दिशोम गुरु अमर रहें" और "शिबू सोरेन अमर रहें" के नारों से गूंज उठा। श्रद्धांजलि सभा के माध्यम से उपस्थित लोगों ने दिशोम गुरू के अधूरे सपनों को पूरा करने और झारखंड के विकास के लिए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।

चौक उद्घाटन के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार ने शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर गुरूजी को श्रद्धांजलि दी । श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जिला प्रशासन के पदाधिकारी, गुरूजी को मानने वाले, उनको जानने वाले व कई जन प्रतिनिधियों  ने भी श्रद्धांजलि दी और उन्हें याद किया।  श्रद्धांजलि देने वालों में गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरूआ सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। समारोह में झामुमो के जिला सचिव महालाल सोरेन, महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, पूर्व विधायक केदार हाजरा, पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी, डुमरी विधानसभा के नेता राजू महतो, प्रणव वर्मा, जिला उपाध्यक्ष शाहनवाज अंसारी, दिलीप मंडल, बरकत अली, शत्रुघ्न मंडल, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, नगर अध्यक्ष राकेश कुमार राॅकी, नुनूराम किस्कू उर्फ़ टाइगर,  कोलेश्वर सोरेन, हलधर राय, मुकेश केशरी, प्रधान मुर्मू, बिरजू मरांडी, जिला सह सचिव भैरव वर्मा, दिलीप रजक, मेहताब मिर्जा, प्रमिला कुमारी, प्रीति भास्कर, सभी प्रखंडों के अध्यक्ष सचिव सहित बड़ी संख्या में झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.