रजिस्टर-2 की सत्यापित प्रति नहीं मिलने पर किसानों का आंदोलन तेज, 18 अगस्त से अपर समाहर्ता कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना का ऐलान।
SHIKHAR DARPANTuesday, August 04, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
किसानों को सभी मौजों की जमीन से संबंधित रजिस्टर-2 की सत्यापित प्रति उपलब्ध नहीं कराए जाने के विरोध में किसान जनता पार्टी के बैनर तले आंदोलन की रणनीति तय की गई। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर गिरिडीह के सर्कस मैदान में आयोजित बैठक में 18 अगस्त 2026 से अपर समाहर्ता कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना देने का निर्णय लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए किसान जनता पार्टी के केंद्रीय समिति अध्यक्ष सह अधिवक्ता अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि रिट याचिका संख्या 5925/2022 में पारित आदेश का अनुपालन नहीं होने पर झारखंड उच्च न्यायालय ने सिविल कंटेम्प्ट केस संख्या 58/2026 में 18 जुलाई 2026 को आदेश जारी करते हुए अपर समाहर्ता, गिरिडीह को तीन सप्ताह के भीतर आदेश का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही न्यायालय ने चेतावनी दी है कि आदेश का पालन नहीं होने पर अवमानना का चार्ज फ्रेम किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद अब तक रजिस्टर-2 की सत्यापित प्रति उपलब्ध कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि जनहित याचिका संख्या 2660/2021 में भी झारखंड उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को भूमि सर्वे का कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया है। ऐसे में कुछ अंचलों के अधिकारियों द्वारा रजिस्टर-2 देने में टालमटोल की जा रही है, जबकि कुछ अंचलों में किसानों को इसकी सत्यापित प्रति उपलब्ध कराई जा रही है। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी मौजों का रजिस्टर-2 एक साथ उपलब्ध कराने की मांग को लेकर 18 अगस्त 2026 से अपर समाहर्ता, गिरिडीह के समक्ष किसान जनता पार्टी के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। बैठक के अंत में किसानों ने "दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहें" के नारे लगाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर घनश्याम पंडित, विजय कुमार, संतोष बास्के, श्यामू बास्के, राजेंद्र यादव, अफसर खान, मुन्शी मुर्मू, मालती देवी, मुकेश राय, रघु मुर्मू, बसिया टुडू, मदन तुरी, रबीना टुडू, जसिन्ता जी, मुनि हांसदा, बिरजू राय, नारायण राय, शंभू शर्मा, रोहित पंडित, खूबलाल पंडित, मंटू कुमार सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।