Type Here to Get Search Results !

मतदाता सूची में नाम जोड़ने से लेकर संशोधन तक की सुविधा,डीसी ने नागरिकों से की सक्रिय भागीदारी की अपील।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

झारखंड विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिलेवासियों से मतदाता सूची की जांच कर आवश्यक सुधार कराने की अपील की है। उपायुक्त ने बताया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर फॉर्म-6, 7 और 8 उपलब्ध हैं। पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं, जबकि नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7 और नाम/पता सहित आवश्यक संशोधन या सुविधाजनक मतदान केंद्र में स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 के जरिए आवेदन किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। साथ ही नागरिकों से किसी भी अफवाह या अपुष्ट सूचना पर ध्यान न देने तथा जानकारी के लिए अपने संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) से संपर्क करने की अपील की गई। उपायुक्त ने कहा कि शुद्ध और विश्वसनीय मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। प्रत्येक पात्र नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.