झारखंड बंद का गिरिडीह में दिखा असर, कई स्कूल बंद, परीक्षा देने पहुंचे छात्रों को लौटाया गया।
SHIKHAR DARPANMonday, August 10, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक मामले और विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा मंगलवार को बुलाए गए झारखंड बंद का असर गिरिडीह में भी देखने को मिला। बंद के कारण शहर के कई विद्यालय बंद रहे। सुबह स्कूल पहुंचे छात्रों को प्रबंधन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए वापस घर भेज दिया। कॉन्वेंट स्कूल समेत कई शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले बच्चों को भी स्कूल से लौटना पड़ा। वहीं, प्रशासन ने बोर्ड परीक्षार्थियों को राहत देते हुए परीक्षा केंद्रों पर मौजूद छात्रों को परीक्षा देने की अनुमति दी, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
जिला व पुलिस प्रशासन ने स्कूलों, बाजारों और प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बंद को देखते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर बैरिकेडिंग और पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है। प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। इधर, भाजपा कार्यकर्ता जुटान मैदान में बंद के समर्थन में प्रदर्शन की तैयारी में जुटे हैं। प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।