Type Here to Get Search Results !

दो मासूमों की मां की कुएं में मिली लाश, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप//तिसरी के पलमरुआ गांव की घटना, जांच में जुटी पुलिस।

तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

तिसरी थाना क्षेत्र के पलमरुआ गांव में बुधवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थिति में कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान रंजीत पंडित की 27 वर्षीय पत्नी अंजली देवी के रूप में हुई है। मृतका का मायका गांवा प्रखंड अंतर्गत माल्डा-पांडेयडीह गांव है। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अंजली अपने पीछे 2 साल और 5 साल के दो मासूम बच्चों को छोड़ गई है, जिनका मां के बिना बिलख-बिलख कर रोना हर किसी का कलेजा छलनी कर रहा है।

*मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप*
घटना की सूचना मिलते ही पलमरुआ पहुंचे मृतका के पिता सुरेश पंडित, भाई राजेश पंडित, दीपक कुमार और मां मालती देवी ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मायके वालों के अनुसार, अंजली की शादी वर्ष 2018 में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वालों से हमेशा विवाद होता रहता था, जिसको लेकर कई बार पंचायती भी हुई थी। घटना के समय उसका पति रंजीत पंडित प्रदेश में रहकर मजदूरी कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि घर में मौजूद सास और ननद ने मिलकर उसकी हत्या की और साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को कुएं में फेंक दिया।

*पुलिस कर रही है जांच*
इधर, घटना की सूचना पर तिसरी के थाना प्रभारी शम्भू नंद ईश्वर पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंचे। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों द्वारा शव को कुएं से निकाल लिया गया था। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और परिजनों द्वारा लिखित आवेदन मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.