Type Here to Get Search Results !

ईद मिलादुन्नबी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, मोहम्मदिया जुलूस में शामिल हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर बुधवार को गिरिडीह शहर में आस्था, उत्साह और भाईचारे का माहौल देखने को मिला। शहर के विभिन्न इलाकों से मोहम्मदिया जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए बरवाडीह मैदान पहुंचा, जहां कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मोहम्मदिया जुलूस में झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू भी शामिल हुए। मंत्री के जुलूस में पहुंचने पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने जुलूस में शामिल लोगों का अभिवादन किया और ईद मिलादुन्नबी की शुभकामनाएं दीं। जुलूस के दौरान लोगों में धार्मिक उत्साह के साथ आपसी भाईचारे और सौहार्द की भावना भी देखने को मिली। शहर के विभिन्न मोहल्लों से निकला जुलूस निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए बरवाडीह मैदान पहुंचा। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। 

*सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद*
ईद मिलादुन्नबी को लेकर गिरिडीह पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पूरे जुलूस की गतिविधियों पर पुलिस-प्रशासन की लगातार नजर रही। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी को लेकर उपायुक्त राम निवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार, एसडीएम, बीडीओ, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी नीरज सिंह, नगर थाना प्रभारी रतन सिंह और मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित अन्य अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस जवानों की तैनाती के साथ जुलूस के मार्ग पर लगातार निगरानी रखी गई, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी और लोगों के सहयोग से ईद मिलादुन्नबी का मोहम्मदिया जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। ईद मिलादुन्नबी के मौके पर गिरिडीह शहर में दिनभर धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की तस्वीर देखने को मिली।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.