अखंड भारत संकल्प दिवस पर राष्ट्र की एकता और सांस्कृतिक गौरव का लिया सामूहिक संकल्प।
SHIKHAR DARPANWednesday, August 26, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के राजधनवार प्रखंड अंतर्गत घोरथम्भा बाजार स्थित आर्य समाज सभागार में बुधवार को हिन्दू जागरण मंच की ओर से अखंड भारत संकल्प दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिन्दू जागरण मंच उत्तर-पूर्व क्षेत्र के संयोजक विनोद यादव मुख्य वक्ता तथा झारखंड प्रांत के संयोजक विक्रम शर्मा विशिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता विनोद यादव ने कहा कि अखंड भारत का विचार हमारी राष्ट्रीय नियति और सांस्कृतिक एकता से जुड़ा है। उन्होंने महर्षि अरविंद घोष के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रवादी विचार परिवार इसी संकल्प को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने समाज की एकजुटता और व्यापक सहयोग को राष्ट्रीय एकता के लिए आवश्यक बताया। विशिष्ट वक्ता विक्रम शर्मा ने कहा कि हिन्दू जागरण मंच का प्रयास है कि अखंड भारत संकल्प दिवस का संदेश देश के प्रत्येक राज्य, जिले, नगर, प्रखंड, गांव और मोहल्ले तक पहुंचे।
उन्होंने लोगों से अपनी परंपरा, संस्कृति और राष्ट्रीय मूल्यों के संरक्षण के साथ सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिप सदस्य सुबोध कुमार राय, भाजपा जिला उपाध्यक्ष उदय कुमार सिंह, समाजसेवी अभिमन्यु शर्मा एवं शिक्षाविद् मनोज कुमार वर्णवाल ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महेंद्र चौधरी ने की, जबकि मंच संचालन परवीन सिंह ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं हिन्दू जागरण मंच के कार्यकर्ता शामिल हुए। अंत में उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। मौके पर बीरेंद्र राणा, कुणाल कुमार, महेंद्र कुमार, सुखदेव राय, कृष्णा वर्मा, मुकेश स्वर्णकार, श्रीकांत यादव, सुजीत कुमार, प्रभात कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।