न्यायिक हिरासत में इलाज के दौरान नक्सली अभियुक्त एतवारी मांझी की मौत।
SHIKHAR DARPANFriday, August 14, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
विभिन्न नक्सली कांडों में नामजद अभियुक्त एवं पारसनाथ पहाड़ की तराई स्थित मोहनपुर गांव निवासी एतवारी मांझी उर्फ सोनोत उर्फ संत उर्फ शनीचरवा की न्यायिक हिरासत में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह बीते माह अपने दर्जनों नक्सली साथियों के साथ रांची में पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटा था।बताया गया कि पुलिस के नक्सल विरोधी अभियान और आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर एतवारी ने हथियार छोड़कर सामान्य जीवन जीने का निर्णय लिया था। उसने अत्याधुनिक हथियार के साथ रांची पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। आत्मसमर्पण के बाद से ही उसकी तबीयत खराब चल रही थी।
तबीयत अधिक बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए हजारीबाग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एतवारी मांझी विभिन्न नक्सली घटनाओं में नामजद अभियुक्त था।घटना की सूचना मधुबन पुलिस ने उसके परिजनों को दे दी है। पोस्टमार्टम के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। हालांकि, मौत के दो दिन बाद भी शव उसके पैतृक गांव मोहनपुर नहीं पहुंच सका है। परिजन शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।इस संबंध में मधुबन थाना प्रभारी दीपेश कुमार ने बताया कि मोहनपुर निवासी एतवारी मांझी की तबीयत बिगड़ने के कारण मौत हुई है। वह हजारीबाग अस्पताल में इलाजरत था। घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी गई है।