दिव्यांगजनों को सुविधा और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन की संवेदनशील पहल।
SHIKHAR DARPANFriday, August 14, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
दिव्यांगजनों को सुविधा, सुगम आवागमन एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशील एवं समावेशी पहल की गई है। इसी क्रम में नेता जी सुभाष चंद्र बोस विद्यालय के 71 दिव्यांग बच्चों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की दैनिक गतिविधियों एवं आवागमन को सुगम बनाना, उन्हें शिक्षा एवं कौशल विकास के अवसरों से जोड़ना तथा उनमें आत्मनिर्भरता एवं आत्मविश्वास की भावना को सशक्त करना है। उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जिला प्रशासन दिव्यांगजनों के कल्याण एवं उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सुविधाओं की उपलब्धता केवल आवागमन को आसान बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दिव्यांग बच्चों के शिक्षा, कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांगजनों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही, उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया। बैटरी चालित ट्राई साइकिल मिलने से दिव्यांग बच्चों में उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल रहा। जिला प्रशासन की इस पहल से उन्हें आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ शिक्षा एवं कौशल विकास की दिशा में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।