Type Here to Get Search Results !

ईद-ए-मिलाद-उन्नबी पर झंडा लगाने के दौरान करंट की चपेट में आया युवक, मौत।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नीचे पहाड़ीडीह गांव में बुधवार को ईद-ए-मिलाद-उन्नबी पर्व की तैयारी के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर झंडा लगाने के दौरान हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक सब्बीर अंसारी की मौत हो गई। बताया जाता है कि ईद-ए-मिलाद-उन्नबी को लेकर सब्बीर अपने घर की छत पर झंडा लगा रहा था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में वह आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर छत पर गिर पड़ा। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में सदर अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि सब्बीर की शादी करीब एक वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है। ऐसे में उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घर की छत के काफी करीब से हाई वोल्टेज बिजली तार गुजर रहा है, जिसके कारण यह हादसा हुआ। लोगों ने बिजली विभाग से ऐसे स्थानों पर तारों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.