Type Here to Get Search Results !

ईद-ए-मिलाद-उन्नवी को लेकर खुखरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, डीजे पर रहेगा प्रतिबंध।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

आगामी ईद-ए-मिलाद-उन्नवी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर खुखरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने की। इस दौरान पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस एवं अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में थाना प्रभारी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाज के लोगों एवं समिति के सदस्यों से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि नहीं होनी चाहिए, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो। थाना प्रभारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि ईद-ए-मिलाद-उन्नवी के अवसर पर निकाले जाने वाले जुलूस में डीजे नहीं बजेगा। 

उन्होंने जुलूस के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने तथा प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप ही कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। साथ ही लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी समुदाय के लोग मिल-जुलकर आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ पर्व मनाएं, ताकि क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का माहौल बना रहे।बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने भी शांतिपूर्ण ढंग से पर्व संपन्न कराने में प्रशासन को सहयोग करने का भरोसा दिलाया। मौके पर पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक, महेंद्र यादव, जलाउद्दीन अंसारी,मुजाहिदुल हक,इस्लाम अंसारी,इदरीश अंसारी,फिरोज अंसारी,सिराज अंसारी सहित कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण मौजूद थे।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.