गिरिडीह पुलिस की बड़ी सफलता: मछली व्यवसायी से ₹2.07 लाख की लूटकांड का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार।
SHIKHAR DARPANTuesday, July 28, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह पुलिस ने हाल के दिनों में हुई बड़ी लूट की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से हथियार, जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल तथा लूटी गई राशि का एक हिस्सा बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि 23 जुलाई 2026 को पचंबा थाना क्षेत्र के मोहानपुर वन विभाग कार्यालय के समीप गिरिडीह-जमुआ मुख्य मार्ग पर सुबह करीब 9 बजे दो मोटरसाइकिलों पर सवार अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर एक मछली व्यवसायी से बैग सहित ₹2 लाख 7 हजार की लूट कर ली थी। इस संबंध में पचंबा थाना कांड संख्या 72/26 के तहत धारा 309(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-02) रूपेंद्र कुमार राणा के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मानव आसूचना एवं लगातार छापेमारी के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
*गिरफ्तार आरोपी में दीपक कुमार वर्मा (परसन, बेंगाबाद),पप्पू प्रसाद वर्मा (परसन, बेंगाबाद),विजय राय उर्फ बाबा (मोतीलेडा, बेंगाबाद),अशोक दास (वर्तमान पता शास्त्रीनगर, गिरिडीह; स्थायी पता चरकमारा, गांडेय),शंकर दास उर्फ भांगड़ा (बरेनडीहा, मुफ्फसिल) शामिल है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधियों ने 2 जुलाई 2026 को गांडेय थाना क्षेत्र के बंधाबाद गांव में फाइनेंस कर्मी से हथियार के बल पर ₹1.46 लाख की लूट में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। *अपराधियों के पास से बरामद सामान:- पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी कट्टा, तीन जिंदा गोली, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बुलेट मोटरसाइकिल, बिना नंबर की लाल रंग की टीवीएस राइडर बाइक तथा लूटी गई राशि में से ₹10 हजार बरामद किए हैं।
*आपराधिक इतिहास भी खंगाला:- प्रेस वार्ता में एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में विजय राय उर्फ बाबा, शंकर दास उर्फ भांगड़ा और अशोक दास के विरुद्ध पूर्व से हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी तथा पॉक्सो एक्ट समेत कई संगीन मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक रूपेंद्र कुमार राणा के नेतृत्व में पचंबा, गांडेय, बेंगाबाद थाना, अनुसंधान सेल, तकनीकी शाखा एवं पुलिस केंद्र की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने टीम के सभी अधिकारियों एवं जवानों की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।