Type Here to Get Search Results !

पीरटांड़ व खुखरा के स्कूलों में गिरिडीह पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान//नए कानून बीएनएस-बीएनएसएस एवं साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं को किया जागरूक।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता। 

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गिरिडीह पुलिस द्वारा शनिवार को पीरटांड़ थाना एवं खुखरा थाना क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पीरटांड में थाना प्रभारी जितेंद सिंह, आशीष मंदिरवार एवं  खुखरा में थाना प्रभारी रविंद्र सिंह,पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक, हरलाडीह मंडल अध्यक्ष सोम पांडे के अलावे विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को नए आपराधिक कानून बीएनएस एवं बीएनएसएस, साइबर अपराध से बचाव तथा सड़क सुरक्षा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। खुखरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचायत हाई स्कूल बरियारपुर में पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को नए कानूनों के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया। विद्यार्थियों को बताया गया कि कानून में हुए बदलावों की जानकारी रखना प्रत्येक नागरिक के लिए जरूरी है। साथ ही किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना होने पर पुलिस से संपर्क करने तथा कानून का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

वहीं, प्रोजेक्ट गर्ल्स +2 हाई स्कूल, पीरटांड़ में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां विद्यार्थियों को विशेष रूप से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने बताया कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी साझा करने, फर्जी कॉल या मैसेज के झांसे में आने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से साइबर ठगी का शिकार होने का खतरा रहता है। अभियान के दौरान रोड सेफ्टी को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। पुलिस ने हेलमेट का प्रयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने की अपील की।पुलिस पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को कानून, साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.