Type Here to Get Search Results !

मधुबन में गंदे पानी एवं ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर प्रशासन गंभीर, संस्थाओं को दिए आवश्यक निर्देश।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता। 

पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मधुबन गेस्ट हाउस में अनुमंडल पदाधिकारी डुमरी संतोष कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में स्थानीय जैन धर्मशालाओं, ट्रस्ट एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से गंदे पानी के प्रबंधन एवं ठोस कचरा प्रबंधन से संबंधित वर्तमान व्यवस्था, तैयारियों एवं संस्थाओं द्वारा किए जा रहे उपायों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में प्रदूषण नियंत्रण पर्षद, धनबाद के क्षेत्र पदाधिकारी ने गंदे पानी के समुचित प्रबंधन के साथ-साथ गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, संग्रहण एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की जानकारी दी। उन्होंने पर्यावरणीय मानकों एवं सरकार द्वारा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने को लेकर संस्थाओं के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

*संस्थाओं की व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा*
अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार गुप्ता ने बैठक में उपस्थित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों से उनके परिसरों में गंदे पानी एवं ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, निस्तारण तथा जल निकासी की व्यवस्था की समीक्षा की गई और आवश्यक सुधारात्मक उपायों पर चर्चा हुई। एसडीओ ने कहा कि मधुबन एवं श्री सम्मेद शिखरजी क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन की व्यवस्था को प्रभावी, वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल बनाना जरूरी है। संस्थाओं को अपने-अपने परिसरों में गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, गंदे पानी का उचित प्रबंधन करने तथा कचरे का निर्धारित तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

*समन्वित प्रयास से बनेगी बेहतर व्यवस्था*
बैठक में प्रशासन एवं संबंधित संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मधुबन क्षेत्र में स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया। प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के अधिकारियों ने कचरा प्रबंधन एवं पर्यावरणीय मानकों के तकनीकी पहलुओं की भी जानकारी साझा की। बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी पीरटांड़ मनोज मरांडी, अंचल अधिकारी पीरटांड़ ऋषिकेश मरांडी के अलावा विद्याभूषण मिश्रा, ए. शेयदी, सुजीत सिन्हा, भरत कुमार साहू, सुभाष जैन, संजीव पांडेय,इंद्रदेव शर्मा,अशोक यादव, अविषेक सिन्हा सहित प्रदूषण नियंत्रण पर्षद, धनबाद के क्षेत्र पदाधिकारी एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.