Type Here to Get Search Results !

एक माह से लापता युवक की हत्या का खुलासा, टुंडी जंगल से नर कंकाल बरामद//शादी के लिए दबाव बनाने पर आरोपी ने की थी हत्या, गिरिडीह से अपहरण कर धनबाद ले गया था।।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता। 

पीरटांड़ थाना क्षेत्र के सियारांगी गांव से करीब एक माह से लापता युवक के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र स्थित बसाहा जंगल से मृतक का नर कंकाल बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, सियारांगी निवासी हृदय नारायण सिंह ने 1 जुलाई को पीरटांड़ थाना में आवेदन देकर बताया था कि उनका करीब 32 वर्षीय पुत्र 20 जून को गिरिडीह जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने धनबाद के मटखुटा निवासी एक युवती के संबंध में संदेह जताते हुए अपहरण की आशंका व्यक्त की थी। इस मामले में पीरटांड़ थाना कांड संख्या 22/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने प्राथमिकी में नामजद महिला को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया, जबकि संदिग्ध युवक चंदन कुमार भोक्ता को उसके गांव सीरसा, थाना पथरोल, जिला देवघर से पूछताछ के लिए लाया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में चंदन कुमार भोक्ता ने हत्या की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि वह मृतक शंकर कुमार सिंह उर्फ बिन्दु सिंह को धनबाद ले गया था। इसके बाद मृतक को मोटरसाइकिल से टुंडी थाना क्षेत्र के बसाहा जंगल ले जाकर पत्थर से सिर पर वार कर तथा गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। शव को जंगल में छिपा दिया गया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मानव कंकाल, घटना में प्रयुक्त नारंगी रंग का गमछा, मृतक के चप्पल, शर्ट, जींस व अन्य कपड़े, आरोपी का मोबाइल फोन तथा घटनास्थल के पास से एक चाकू बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मृतक पर एक युवती से शादी कराने के लिए दबाव बना रहा था। युवती के परिवार वाले इस शादी के लिए तैयार नहीं थे। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। कार्रवाई में डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, पुलिस निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, पीरटांड़ थाना प्रभारी समेत पुलिस टीम और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.