Type Here to Get Search Results !

फर्जी नोटिस भेजकर साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल-सीम और लैपटॉप बरामद।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह स्थित एक मकान में बैठकर साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरिडीह पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मंगलवार को डीएसपी-2 आर के राणा ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक गिरिडीह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी पु०नि० रामेश्वर भगत के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी आंगनबाड़ी से संबंधित फर्जी नोटिस, गैस बिल अपडेट-2.apk, गर्भवती एवं प्रसूता महिलाओं का ई-केवाईसी कराने से संबंधित फर्जी नोटिस तथा महानगर गैस लिमिटेड और आईजीएल गैस का कनेक्शन डिस्कनेक्ट होने से संबंधित फर्जी नोटिस भेजकर लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज मंडल (19), मोहन मंडल (19), दोनों ग्राम बोरोटांड़, थाना ताराटांड़, तथा सोनू कुमार (18), ग्राम मानसीडीह, थाना बेंगाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन, 6 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया है। इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या 27/2026, दिनांक 25 अगस्त 2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी पु०नि० रामेश्वर भगत सहित साइबर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.