Type Here to Get Search Results !

पारसनाथ क्षेत्र में आदिवासी-मूलवासियों के अधिकार और 75% रोजगार की मांग, डीसी को सौंपा ज्ञापन।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

पीरटांड़ प्रखंड के मधुबन स्थित पारसनाथ क्षेत्र (मरांग बुरु) में आदिवासी-मूलवासियों के अधिकार और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग को लेकर भारत दिशोम आदिवासी संघ, मधुबन के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त रामनिवास यादव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से संघ ने पारसनाथ पहाड़ी (मरांग बुरु) को आदिवासी समाज का ऐतिहासिक एवं पारंपरिक आस्था केंद्र बताते हुए क्षेत्र में आदिवासी-मूलवासियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की। संघ ने कहा कि क्षेत्र के विकास में स्थानीय लोगों को उनका उचित अधिकार और प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

संघ की प्रमुख मांगों में मधुबन और पारसनाथ क्षेत्र में संचालित बड़े होटलों, धर्मशालाओं एवं अन्य संस्थानों में 75 प्रतिशत रोजगार स्थानीय आदिवासी-मूलवासी युवाओं को देने की मांग शामिल है। प्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को अपेक्षित भागीदारी नहीं मिल रही है। ज्ञापन में पारसनाथ क्षेत्र की पहचान, स्थानीय अधिकार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास से जुड़ी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया। इस दौरान संघ की ओर से कहा गया कि मरांग बुरु की पहचान और स्थानीय आदिवासी-मूलवासियों के अधिकारों की रक्षा के साथ क्षेत्र का समावेशी विकास उनकी प्रमुख प्राथमिकता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.