गिरिडीह में भाजपा ने निकाली भव्य तिरंगा पदयात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर।
SHIKHAR DARPANThursday, August 13, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
स्वतंत्रता दिवस से पूर्व भारतीय जनता पार्टी गिरिडीह महानगर की ओर से गुरुवार को राष्ट्र की आन, बान और शान तिरंगे के सम्मान में भव्य तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। झंडा मैदान से सुबह 10 बजे शुरू हुई पदयात्रा में भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक शामिल हुए। भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजित कुमार राय एवं जिला प्रभारी डॉ. संजय सिंह के नेतृत्व में निकली पदयात्रा में लोग हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। पदयात्रा झंडा मैदान से टावर चौक, कालीबाड़ी, शिव मोहल्ला होते हुए बड़ा चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रंजित कुमार राय ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। तिरंगा पदयात्रा के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान और युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया है। जिला प्रभारी डॉ. संजय सिंह ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता और गौरव का प्रतीक है।
पदयात्रा में समाज के सभी वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी गिरिडीह की राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति समर्पण को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा ने कहा कि तिरंगे के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित और सशक्त भारत के संकल्प को मजबूती देता है। वहीं प्रदेश मंत्री शालिनी वैष्ख्यार ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। पदयात्रा के माध्यम से युवाओं और आमजन में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। पदयात्रा के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के नारों और तिरंगे के रंग में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक चन्द्रमोहन प्रसाद, लक्ष्मण स्वर्णकार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव, चुन्नू कांत, दिनेश यादव, विनय सिंह, यदुनंदन पाठक, पूर्व मेयर सुनील पासवान, महामंत्री संदीप डोंगाइच, सिकंदर हेंब्रम, जिला उपाध्यक्ष अरुण हाज़रा, नवीन सिन्हा, देवराज, संगीता सेठ सहित विभिन्न पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व नागरिक मौजूद रहे।