अभाविप नेता मंटू मुर्मू प्रकरण में नया मोड़, बड़े भाई ने भाजपा पर लगाया राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप।
SHIKHAR DARPANSunday, August 23, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) नेता मंटू मुर्मू के साथ हुई कथित मारपीट के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मंटू मुर्मू के बड़े भाई ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके भाई को राजनीतिक मोहरा बनाकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। बताया गया कि दो दिन पूर्व गिरिडीह के झंडा मैदान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं और मंटू मुर्मू के बीच कथित मारपीट का मामला सामने आया था।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। अब मंटू मुर्मू के बड़े भाई के बयान के बाद मामला एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उनके भाई को आगे कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है और पूरे घटनाक्रम को इस तरह पेश किया जा रहा है, जिससे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की छवि को नुकसान पहुंचे। मामले को लेकर गिरिडीह की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। एक ओर मारपीट की घटना को लेकर विरोध और कार्रवाई की मांग उठ रही है, वहीं दूसरी ओर मंटू मुर्मू के बड़े भाई के आरोपों ने इस पूरे प्रकरण को नई राजनीतिक बहस में ला दिया है। हालांकि, मामले से जुड़े विभिन्न पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। ऐसे में घटना की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।