ईद-उल-नबी को लेकर खुखरा व पीरटांड़ पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च।
SHIKHAR DARPANTuesday, August 25, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
आगामी ईद-उल-नबी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर खुखरा एवं पीरटांड़ थाना पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में दोनों थाना क्षेत्रों में पुलिस ने फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्रोन के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की। खुखरा थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना परिसर से निकला फ्लैग मार्च तुईयो, अजीबद, दतलवा, मंझलीडीह, खरपोका, गोबरंधा, बरियारपुर, करमाटांड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए लोगों से शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
वहीं, पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चिरकी, चेंगधारी, पांड़नाटांड़, चिलगा सहित थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च किया। पुलिस द्वारा ड्रोन के माध्यम से भी पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई। फ्लैग मार्च में एसआई नरेंद्र यादव सहित दोनों थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी एवं चौकीदार शामिल रहे। पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। थाना प्रभारियों ने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में ईद-उल-नबी पर्व मनाएं।