Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में एम एम डी आर संशोधन बिल के विरोध में झामुमो का प्रदर्शन, टावर चौक पर धरना।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

केंद्र सरकार के एम एम डी आर संशोधन बिल के विरोध और छात्र आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किए जाने की सूचना के खिलाफ शुक्रवार को गिरिडीह में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष संजय सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने झामुमो कार्यालय से पैदल प्रतिवाद मार्च निकाला, जो बस स्टैंड होते हुए टावर चौक पहुंचा। टावर चौक पर कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर धरना दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एम एम डी आर संशोधन बिल वापस लेने की मांग की। इस दौरान कुछ समय के लिए टावर चौक पर विरोध का माहौल बना रहा। जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि एम एम डी आर संशोधन बिल काला कानून है और झामुमो इसका पुरजोर विरोध करती है। 

उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से इसके खिलाफ अपना आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि सूचना मिली है कि भाजपा के इशारे पर कुछ लोग छात्र आंदोलन के नाम पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने की तैयारी में हैं। साथ ही सरकार और मंत्रियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से नकारात्मक प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि झामुमो अपने नेताओं के सम्मान के साथ किसी तरह का समझौता नहीं करेगी और अपमान के प्रयास का संवैधानिक तरीके से विरोध किया जाएगा। प्रदर्शन में जिला महासचिव महालाल सोरेन, शाहनवाज अंसारी, कृष्ण मुरारी शर्मा, उप महापौर सुमित कुमार, रॉकी सिंह, अजीत कुमार पप्पू, दिलीप रजक, मुकेश केसरी, भरत यादव, दारा हाजरा, बबली मरांडी, प्रमिला कुमारी, प्रीति भास्कर समेत बड़ी संख्या में झामुमो नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के माध्यम से झामुमो ने एम एम डी आर संशोधन बिल के खिलाफ अपना विरोध आगे भी जारी रखने की बात कही।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.