सत्ता संरक्षण में फैक्ट्रियों की मनमानी के खिलाफ जनाक्रोश का आगाज है मानव श्रृंखला- राजेश यादव।
SHIKHAR DARPANSunday, August 02, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
बालमुकुंद फैक्ट्री द्वारा उसरी नदी से जल उठाने की तैयारी सहित इलाके में व्याप्त प्रदूषण व जल-जंगल-जमीन की खुली लूट के खिलाफ आज आयोजित मानव श्रृंखला में मोहनपुर में भाग लेते हुए ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक एवं पूर्व जिप सदस्य राजेश यादव ने कहा कि, आज का आंदोलन फैक्ट्रियों की मनमानी और उनको संरक्षण देने वाले नेताओं और प्रशासन के गंठजोड़ के खिलाफ जनाक्रोश का खुला आगाज है। श्री यादव ने कहा कि, बालमुकुंद फैक्ट्री के द्वारा गैर कानूनी तरीके से उसरी नदी का जल उठाने की तैयारी की जा रही है। यदि फैक्ट्री के पास संबंधित विभागों के अनापत्ति के कागजात हैं, तो जनता के बीच सार्वजनिक करना चाहिए।
उन्होंने मानव श्रृंखला की सफलता के लिए स्थानीय तमाम लोगों, विभिन्न राजनीतिक- सामाजिक संगठनों को भी धन्यवाद देते हुए कहा कि, लड़ाई अभी जारी रखनी होगी। साथ ही कहा कि, मौजूदा स्थिति के लिए सरकार की कंपनी परस्त नीति जिम्मेवार है। क्योंकि, एक तरफ वाटरफॉल को पर्यटन क्षेत्र घोषित किया जा रहा है, तो दूसरी ओर जंगलों से घिरे इस पूरे क्षेत्र को ही फैक्ट्रियों द्वारा बर्बाद किए जाने पर भी प्रशासन और सरकार चुप है। जनता सब कुछ देख और समझ रही है। जनता से बड़ी कोई ताकत नहीं है। जनता के जीवन से खिलवाड़ करने वालों को माकूल जवाब मिलेगा।श्री यादव ने कहा कि, शीघ्र ही जन अभियान का दूसरा चरण शुरू किया जाना चाहिए। मानव श्रृंखला में श्री यादव के साथ दीपक गोस्वामी, संजय चौधरी, मनोज यादव, विनोद दास, रामेश्वर शर्मा, संतोष राय, विनोद राय, मनोज मल्लाह, छेदी मल्लाह, डोमन राणा, पप्पू यादव, रामेश्वर पंडित, किशोरी मंडल, मनोज शर्मा, संजय राणा सहित बड़ी तादाद में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद थे।