Type Here to Get Search Results !

सावन की पहली सोमवारी पर दुःखहरण नाथ मंदिर में उमड़ी आस्था, सुबह से जलाभिषेक के लिए लगी लंबी कतार।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

सावन माह की पहली सोमवारी पर गिरिडीह के तरहरी क्षेत्र स्थित उत्तरवाहिनी उसरी नदी के तट पर अवस्थित प्राचीन बाबा दुःखहरण नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तड़के सुबह से ही शिवभक्त जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने लगे, जिससे पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। सुबह करीब पांच बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। भक्तों ने उत्तरवाहिनी उसरी नदी से जल भरकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि व मंगलकामना की प्रार्थना की। मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" और "बोल-बम" के जयघोष से गूंजता रहा।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर समिति और पुजारियों ने दर्शन एवं जलाभिषेक की समुचित व्यवस्था की थी। महिलाओं, बुजुर्गों और दूर-दराज से आए कांवरियों ने भी पूरे उत्साह के साथ पूजा-अर्चना की। दिनभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। मंदिर के पुजारियों ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन पहली सोमवारी का विशेष धार्मिक महत्व होने के कारण इस बार भी हजारों भक्तों ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई। उत्तरवाहिनी उसरी नदी के तट पर स्थित होने से इस मंदिर का धार्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.