सावन के पहले सोमवार पर पीरटांड़ के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, बराकर के दुखहरण महादेव मंदिर में लगी लंबी कतारें।
SHIKHAR DARPANSunday, August 02, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
सावन माह के पहले सोमवार को पीरटांड़ प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह चार बजे से ही भक्त जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। प्रखंड के पालगंज, मधुबन, चिरकी, बराकर, कुम्हरलालो, बिसनपुर, कुड़को, खुखरा, हरलाडीह सहित अन्य पंचायतों के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पुरुषों, महिलाओं और युवाओं ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्था की थी।
वहीं, कई स्थानों पर स्वयंसेवकों की टीम भी भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सहायता में जुटी रही। मंदिरों के पुजारियों ने बताया कि सावन सोमवार का भगवान शिव की आराधना में विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन व्रत रखकर श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक करने से भगवान भोलेनाथ भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।
*बराकर के दुखहरण महादेव मंदिर में उमड़ी सबसे अधिक भीड़:- इधर, बराकर स्थित प्रसिद्ध दुखहरण महादेव मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज से पहुंचे शिवभक्तों ने पहले बराकर नदी में आस्था की डुबकी लगाई और फिर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया। पूरे दिन मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" के जयघोष से गूंजता रहा और श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बनी रही।