उद्योगों की मांग के अनुरूप युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार पर जोर।
SHIKHAR DARPANTuesday, August 25, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवददाता।
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला कौशल समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कौशल विकास योजना 2026-27 की तैयारियों, कौशल प्रशिक्षण की वर्तमान स्थिति, स्थानीय उद्योगों की जरूरत, रोजगार की संभावनाओं तथा प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि कौशल विकास का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को प्रशिक्षण के बाद स्थायी रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना होना चाहिए। उन्होंने स्थानीय उद्योगों की मानव संसाधन जरूरतों का आकलन कर उनकी मांग के अनुरूप प्रशिक्षण ट्रेड तय करने तथा प्रशिक्षित युवाओं के लिए प्रभावी प्लेसमेंट सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण के बाद युवाओं की रोजगार स्थिति की नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया गया। बैठक में युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सरकारी योजनाओं, बैंक ऋण, वित्तीय सहायता और उद्यमिता संबंधी सुविधाओं से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने कौशल विकास को ‘प्रशिक्षण से रोजगार’ के साथ-साथ ‘कौशल से उद्यमिता’ की अवधारणा से जोड़कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।
इस दौरान NABARD के सहयोग से विकसित Gramodyam Portal की जानकारी भी साझा की गई। पोर्टल के माध्यम से युवाओं एवं संभावित उद्यमियों को बिजनेस आइडिया, औद्योगिक पाठ्यक्रम, बैंक योग्य परियोजना रिपोर्ट, सरकारी योजनाओं, विशेषज्ञ प्रशिक्षण, मेंटरिंग, इन्क्यूबेशन और बैंक लिंकेज जैसी सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाती है। बैठक में बताया गया कि Gramodyam Portal पर 50 Entrepreneurship Models उपलब्ध हैं। इनमें खाद्य प्रसंस्करण, कृषि एवं डेयरी, अनाज मिलिंग, ग्रीन एनर्जी, रीसाइक्लिंग, घरेलू उत्पाद, वेलनेस एवं टेक्सटाइल तथा सर्विस एवं रिपेयर से जुड़े विभिन्न स्वरोजगार मॉडल शामिल हैं। प्रशासन का लक्ष्य जिला कौशल विकास योजना 2026-27 को स्थानीय संसाधनों, युवाओं की रुचि और बाजार की वास्तविक मांग के अनुरूप तैयार करना है, ताकि जिले के युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अधिक अवसर सृजित हो सकें। बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, जिला कौशल विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, प्रशिक्षण केंद्रों तथा यू एन डी पी की टीम के प्रतिनिधि मौजूद रहे।