शहर में अतिक्रमण नियंत्रण एवं सुगम यातायात को लेकर प्रशासन का संयुक्त अभियानल।
SHIKHAR DARPANWednesday, August 12, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह शहर में अतिक्रमण नियंत्रण, सड़क सुरक्षा तथा सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह धीरेंद्र कुमार, उप नगर आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकार संतोष कुमार एवं यातायात पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में संयुक्त अतिक्रमण एवं वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आंबेडकर चौक से कालीबाड़ी, बड़ा चौक होते हुए पचंबा तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण की जांच की गई। सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण कर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले दुकानदारों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान किया गया। संबंधित लोगों को सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमणमुक्त रखने तथा भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई।
इसके साथ ही अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।अधिकारियों ने अभियान के दौरान दुकानदारों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे सड़क, फुटपाथ एवं सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। जिला प्रशासन द्वारा कहा गया कि शहर में सुगम यातायात, सुरक्षित आवागमन एवं अतिक्रमणमुक्त सार्वजनिक स्थान सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।