रांची में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में गिरिडीह बंद, सड़कों पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता।
SHIKHAR DARPANTuesday, August 11, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
रांची में छात्र आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा आहूत झारखंड बंद का असर मंगलवार को गिरिडीह में भी देखने को मिला। बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता सुबह से ही शहर की सड़कों पर उतर गए। कार्यकर्ताओं ने विभिन्न बाजारों और इलाकों का भ्रमण कर दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। इसके बाद शहर के कई प्रमुख बाजारों में दुकानें बंद नजर आईं। भाजपा कार्यकर्ताओं का जत्था गिरिडीह बस स्टैंड भी पहुंचा। यहां कार्यकर्ताओं ने बसों को रोककर परिचालन प्रभावित किया। इसके बाद कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए टावर चौक पहुंचे, जहां सड़क पर बैठकर कुछ देर के लिए आवागमन बाधित कर दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने रांची में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने लाठीचार्ज की घटना की निंदा करते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। बंद के कारण शहर के प्रमुख बाजारों में कारोबार प्रभावित रहा। हालांकि, बंद का असर सभी क्षेत्रों में एक जैसा नहीं रहा।
कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं, जबकि कुछ इलाकों में दुकानें सामान्य रूप से खुली रहीं। मुख्य सड़कों पर भी अन्य दिनों की अपेक्षा कम आवाजाही देखने को मिली। वहीं, गिरिडीह के कुछ स्कूलों ने भी बंद के समर्थन में स्वेच्छा से अपने संस्थान बंद रखने का निर्णय लिया। स्कूल पहुंचे कुछ विद्यार्थियों को वापस घर भेज दिया गया। हालांकि, बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की परीक्षा व्यवस्था को प्रभावित नहीं होने दिया गया और परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा गया। बंद को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे, ताकि बंद के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्रों के आंदोलन के दौरान जिस तरह पुलिस की कार्रवाई हुई, वह लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले युवाओं के अधिकारों के खिलाफ है। कार्यकर्ताओं ने छात्रों की मांगों पर सरकार से गंभीरता से विचार करने और लाठीचार्ज की घटना की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की।
कुल मिलाकर गिरिडीह में भाजपा के झारखंड बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। शहर के कई प्रमुख बाजार और प्रतिष्ठान बंद रहे, जबकि कुछ इलाकों में सामान्य गतिविधियां जारी रहीं। बंद के दौरान पुलिस प्रशासन की सक्रियता के कारण स्थिति कुल मिलाकर नियंत्रण में रही।बंद के दौरान भाजपा के प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, शालिनी बैशखियार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव, चुन्नूकांत, विनय सिंह, विनिता कुमारी, संजीव कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, जिला महामंत्री संदीप डंगेच, सिकंदर हेमब्रम, नवीन सिन्हा, देवराज, सुरेश मंडल, दीपक यादव, सुभाष सिन्हा, तुतुल दा, राजेश जायसवाल, सुमन सिन्हा, हरविंदर सिंह बग्गा, जय शंकर सिन्हा, कुंदन सिंह, कार्तिक डंगेच, गौरव कुमार, अंशु, मनोज तुरी, अमरदीप, समरदीप, उत्तम पांडेय, मक्खन चंद्रवंशी, पवन कंधवे, अमरदीप शर्मा, आदित्य यादव, अरविंद चंद राय और श्यामा कांत तिवारी समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।