विश्व आदिवासी दिवस के पूर्व ओपन माइंड वर्ल्ड स्कूल में नृत्य प्रतियोगिता।
SHIKHAR DARPANSaturday, August 08, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
विश्व आदिवासी दिवस के पूर्व शनिवार को ओपन माइंड वर्ल्ड स्कूल, धरियाडीह में सदन सह नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता जूनियर और सीनियर ग्रुप में चार सदनों के बीच आयोजित हुई। इसमें विद्यार्थियों ने नागपुरी, संथाली समेत विभिन्न आदिवासी गीतों की धुन पर एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुत कर अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मौके पर विद्यालय की प्राचार्य चंद्रमल्लिका घोष चौधुरी ने कहा कि आदिवासी समुदायों के अधिकारों की रक्षा, उनकी अनूठी संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण तथा पर्यावरण सुरक्षा में उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं में भाग लेने से बच्चों की कला और कौशल में निखार आता है तथा उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है। प्रतियोगिता के जूनियर ग्रुप में गार्नेट हाउस ने प्रथम, टोपाज हाउस ने द्वितीय और एमेराल्ड हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर ग्रुप में टोपाज हाउस प्रथम, एमेराल्ड हाउस द्वितीय और सफायर हाउस तृतीय स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका प्राचार्य चंद्रमल्लिका घोष चौधुरी, मोहम्मद शहरयार एवं बरनाली पाल ने निभाई। निर्णायकों ने प्रस्तुतियों का बारीकी से मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्मृति सिन्हा, धीरज जायसवाल, ईरम, उमा आनंद, अंजलि कुमारी, संदीप शोला समेत विद्यालय के अन्य शिक्षकों एवं कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।