112 लोगों को लौटाए गए खोए मोबाइल, ‘आपका मोबाइल फिर से आपका’ अभियान से चेहरे पर लौटी मुस्कान।
SHIKHAR DARPANSaturday, August 29, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह पुलिस के ‘आपका मोबाइल फिर से आपका’ अभियान के तहत शनिवार को पुलिस लाइन में कार्यक्रम आयोजित कर जिले के 112 लोगों को उनके बरामद खोए हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे गए। लंबे समय बाद मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी और राहत साफ नजर आई। मोबाइल धारकों ने इस पहल के लिए गिरिडीह पुलिस और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के प्रति आभार जताया। पुलिस के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए इन मोबाइलों को तकनीकी संसाधनों और पुलिस टीम के लगातार प्रयास से बरामद किया गया। इनमें कुछ मोबाइल करीब दो माह पहले तो कुछ लगभग दो वर्ष पूर्व खोए थे। लंबे समय से मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को जब उनका फोन वापस मिला तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
कार्यक्रम में एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि गिरिडीह पुलिस लोगों के खोए और गुम हुए मोबाइल फोन को बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। तकनीकी सहायता के माध्यम से अब तक बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं। अभियान का उद्देश्य लोगों को उनके मोबाइल वापस दिलाने के साथ पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना है। एसपी ने लोगों से अपील की कि मोबाइल खोने पर तत्काल संबंधित थाना में इसकी सूचना देकर आवेदन दें। वहीं, किसी को रास्ते में दूसरे व्यक्ति का मोबाइल मिलने पर उसे अपने पास रखने के बजाय पुलिस को सौंपें, ताकि वह अपने वास्तविक मालिक तक पहुंच सके। मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने से उन्हें आर्थिक और मानसिक राहत मिली है तथा पुलिस प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।