Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में आकलन प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा की बैठक, 11 अगस्त को विधानसभा घेराव की तैयारी तेज।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

आकलन प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा की जिला स्तरीय बैठक सोमवार को गिरिडीह के झंडा मैदान में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष डीलचंद महतो ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव जमालुद्दीन अंसारी एवं जिला प्रवक्ता सलाकत अंसारी ने संयुक्त रूप से किया। बैठक से पहले मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से उनके निजी आवास उत्सव में अनौपचारिक मुलाकात का प्रयास किया, लेकिन मंत्री के अन्य कार्यक्रम में दालमा रवाना होने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी। बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी 11 अगस्त से शुरू होने वाले झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सहायक अध्यापकों की लंबित मांगों को लेकर विधानसभा के समक्ष प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की रणनीति तय करना था। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने पूर्व में लिखित समझौते किए, लेकिन अब तक उन्हें लागू नहीं किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष दिलशाद ने कहा कि सरकार को अपने वादों को पूरा करना चाहिए। वहीं प्रदेश महासचिव विकास चौधरी ने आकलन उत्तीर्ण सहायक अध्यापकों को सहायक आचार्य नियुक्ति में प्राथमिकता देने की मांग उठाई।

प्रदेश प्रधान सचिव ने कहा कि सहायक अध्यापकों को वेतनमान के अनुरूप मानदेय दिया जाना चाहिए, क्योंकि वर्तमान मानदेय बेहद कम होने से उनकी आर्थिक और सामाजिक स्थिति प्रभावित हो रही है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 11 अगस्त को विधानसभा के समक्ष प्रस्तावित धरना कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षक अभी से तैयारी शुरू करें। मोर्चा ने कहा कि वह अपनी मांगों की पूर्ति के लिए संघर्ष जारी रखेगा, साथ ही सरकार से वार्ता का विकल्प भी खुला रहेगा। बैठक को प्रदेश कोषाध्यक्ष छोटन राम, प्रदेश उपाध्यक्ष युधिर, राज्य समिति सदस्य मुख्तार अंसारी, धनबाद से मनोज सहनी, जिला महासचिव जमालुद्दीन अंसारी, जिला कोषाध्यक्ष इमामुद्दीन अंसारी, धनबाद जिला उपसचिव नरेंद्र सिंह उर्फ गुड्डू सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया। इस दौरान नित्यानंद पांडेय, कुंवर सिंह, जितेंद्र मंडल, फिदा हुसैन, बिनोद यादव, महेश्वर मुर्मू, प्रमोद सिंह, गीता राज, बीरु मंडल, गोपाल राय, गुलाम रसूल, राजेश सिन्हा समेत जिले और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आकलन प्रशिक्षित सहायक अध्यापक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.