Type Here to Get Search Results !

पीरटांड़ में SIR-2026 अभियान का निरीक्षण, उप विकास आयुक्त ने चलाया जागरूकता अभियान।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर रविवार को पीरटांड़ प्रखंड के खुखरा, खरपोका, सोबरनपुर एवं तुइयो पंचायत के विभिन्न गांवों में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, बीडीओ मनोज मरांडी एवं सीओ ऋषिकेश मरांडी ने अभियान की प्रगति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विभिन्न गांवों में डोर-टू-डोर भ्रमण कर आम लोगों से संवाद स्थापित किया तथा मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) की प्रक्रिया, गणना प्रपत्र भरने की विधि, आवश्यक दस्तावेज एवं प्रपत्र जमा करने की व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बूथ स्तरीय पदाधिकारी (बीएलओ) को उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित एवं अधिक विश्वसनीय बनाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ एवं सीओ ने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अभियान के प्रत्येक चरण को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं अद्यतनता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। जिला प्रशासन ने बताया कि SIR-2026 अभियान की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि इसका सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.