Type Here to Get Search Results !

नीति आयोग के NITI TARA प्लेटफॉर्म से सशक्त होगी विकास योजनाओं की निगरानी: उपायुक्त रामनिवास यादव।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

गिरिडीह जिला प्रशासन ने नीति आयोग के सहयोग से जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों के लिए NITI TARA प्लेटफॉर्म पर क्षमता निर्माण एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों को डिजिटल शासन प्रणाली, डेटा-आधारित योजना निर्माण तथा विकास योजनाओं की प्रभावी निगरानी के लिए प्रशिक्षित करना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि वर्तमान समय में सुशासन और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तकनीक एवं साक्ष्य-आधारित निर्णय प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि नीति आयोग का NITI TARA प्लेटफॉर्म वास्तविक समय (रियल-टाइम) के आंकड़ों के आधार पर योजनाओं की समीक्षा, प्रगति की निगरानी और त्वरित निर्णय लेने में प्रशासन को सशक्त बनाता है।

उपायुक्त ने कहा कि इस प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग से आकांक्षी जिला कार्यक्रम (ADP) एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम (ABP) के तहत संचालित विकास योजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्तापूर्ण परिणाम सुनिश्चित किए जा सकेंगे। उन्होंने अधिकारियों को प्रशिक्षण में मिली जानकारी का व्यवहारिक उपयोग करते हुए योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, समयबद्ध समीक्षा तथा जनहितकारी सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को NITI TARA प्लेटफॉर्म का विस्तृत परिचय और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही रियल-टाइम डैशबोर्ड, भू-स्थानिक (Geospatial) योजना उपकरण, एआई-सक्षम बैठक कार्यवृत्त तैयार करने की सुविधा तथा ज्ञान संसाधनों के प्रभावी उपयोग की जानकारी भी साझा की गई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, आईएएस प्रशिक्षु, जिला योजना पदाधिकारी सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.