Type Here to Get Search Results !

JPSC-JSSC में कथित घोटालों के विरोध में भाजपा का मशाल जुलूस, छात्रों के समर्थन में उठी न्याय की मांग।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

JPSC एवं JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित घोटालों के विरोध और आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी गिरिडीह महानगर के बैनर तले झंडा मैदान से टावर चौक तक विशाल मशाल जुलूस निकाला गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने किया, जबकि भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। मशाल जुलूस में बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र और युवा शामिल हुए। हाथों में मशाल लेकर कार्यकर्ताओं ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, भ्रष्टाचारमुक्त व्यवस्था और युवाओं के अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर नारेबाजी की। टावर चौक पहुंचने के बाद आयोजित सभा में राज्य सरकार से भर्ती प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई। सभा को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि झारखंड का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है और भर्ती परीक्षाओं पर लगातार उठ रहे सवाल बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं करेगी और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करती है। भाजयुमो प्रदेश मंत्री संजीव कुमार ने कहा कि छात्र अपने अधिकार और न्याय की लड़ाई लड़ रहे हैं तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा हर संघर्षरत छात्र के साथ मजबूती से खड़ा है। वहीं भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहचान है और युवाओं का विश्वास बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। जिला मंत्री सुरेश प्रसाद मंडल ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों मेहनती युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए है। उन्होंने निष्पक्ष एवं भ्रष्टाचारमुक्त भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग दोहराई। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दूबे, दिनेश यादव, विनय सिंह, चुन्नू कांत,सिकंदर हेंब्रम,नवीन सिन्हा, संदीप डायणगच, संजीव कुमार, सिंकू सिन्हा, माखन चंद्रवंशी, श्रेयस सिन्हा, बबलू दास, गोपी तरी, सुमन सिन्हा, उज्ज्वल साव, मनीष वर्मा, राहुल राज, अभिनवजीत सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.