समरसता संकल्प अभियान के तहत भाजपा ने की प्रेस वार्ता, गुरु रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प।
SHIKHAR DARPANWednesday, July 29, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
भारतीय जनता पार्टी गिरिडीह महानगर द्वारा बुधवार को संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर राष्ट्रव्यापी "समरसता संकल्प अभियान" को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए समाज के सभी वर्गों से इसमें सक्रिय सहभागिता की अपील की गई। भाजपा गिरिडीह महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे देश में चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत समरसता दीप महोत्सव, कलश वंदन अभियान, संत संपर्क अभियान, समरसता यात्रा और समरसता संवाद जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पूर्व जिला अध्यक्ष महादेव दूबे ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज का जीवन सामाजिक समरसता और समानता का प्रेरणास्रोत है। उनके विचार आज भी समाज को भेदभाव से मुक्त कर एकजुट करने की प्रेरणा देते हैं। पूर्व महापौर एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता सुनील पासवान ने कहा कि गुरु रविदास महाराज का संदेश समाज के हर वर्ग को जोड़ने वाला है और यह अभियान सामाजिक सद्भाव तथा राष्ट्रीय एकता को और मजबूत करेगा। पूर्व जिला महामंत्री सुभाष सिन्हा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अभियान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों तक पहुंचकर गुरु रविदास महाराज के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष खिरोधर दास एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार रजक ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। प्रेस वार्ता में भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों से राष्ट्रव्यापी "समरसता संकल्प अभियान" में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की गई।