जलीय सूर्य मंदिर के सामने जानलेवा गड्ढा, हर दिन हो रहे हादसे//पानी से भरे गड्ढे में फंसकर घायल हो रहे राहगीर, भाजपा प्रवक्ता ने उपायुक्त से की तत्काल मरम्मत की मांग।
SHIKHAR DARPANFriday, July 31, 2026
0
जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।
मिर्जागंज-जगन्नाथडीह स्थित झारखंड के प्रसिद्ध जलीय सूर्य मंदिर के मुख्य मार्ग पर बना विशाल गड्ढा राहगीरों के लिए जानलेवा बन गया है। लगातार बारिश से गड्ढे में पानी भर जाने के कारण उसकी गहराई का अनुमान नहीं लग पाता, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक आए दिन दुर्घटना का शिकार होकर घायल हो रहे है। रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।मंदिर समिति, स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को सूचना देने के बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। सावन माह में मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िये पहुंच रहे हैं, लेकिन मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बिजय चौरसिया ने स्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया उन्होंने उपायुक्त से दूरभाष पर बात कर सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जलीय सूर्य मंदिर राज्य का प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल है, जहां हर वर्ष देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते है ऐसे महत्वपूर्ण मार्ग की अनदेखी प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यटन विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन धरातल पर तस्वीर बिल्कुल अलग है। यदि प्रमुख पर्यटन स्थल की सड़क की यह स्थिति है तो दूरस्थ क्षेत्रों की हालत का सहज अनुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व वर्षों में सावन शुरू होने से पहले प्रशासनिक अधिकारी मंदिर परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते थे, लेकिन इस वर्ष प्रशासन की उदासीनता साफ दिखाई दे रही है।निरीक्षण के दौरान समाजसेवी सीताराम साव, मंदिर व्यवस्थापक लक्ष्मण राय, समिति सदस्य रामलखन राम, चुरामन राम, प्रिंस दराद, जितेंद्र राय, सुमित यादव, संतोष पांडेय, रौशन साव, पंकज पांडेय, प्रेमदीप राय, टूपलाल साव सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे। सभी ने प्रशासन से अविलंब स्थायी समाधान की मांग करते हुए किसी बड़े हादसे से पहले कार्रवाई करने की अपील की।