गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह से संबंधित सभी विभागों की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं 13 अगस्त तक हर हाल में पूर्ण कर ली जाएं, ताकि समारोह का आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन एवं राष्ट्रीय भावना के अनुरूप संपन्न हो सके। बैठक में बताया गया कि जिला स्तरीय मुख्य समारोह झंडा मैदान, गिरिडीह में आयोजित होगा, जहां प्रातः 09:00 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके साथ ही जिले के सभी अनुमंडलों, प्रखंडों, पंचायतों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 09 अगस्त से 13 अगस्त तक परेड का नियमित पूर्वाभ्यास कराया जाए। मुख्य समारोह में 12 परेड टुकड़ियां भाग लेंगी। परेड एवं समारोह की सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। इसलिए कार्यक्रम की प्रत्येक व्यवस्था समयबद्ध, अनुशासित एवं गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त की शाम 05:00 बजे भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इसके लिए विद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं का चयन कर गुणवत्तापूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रातः 07:00 बजे प्रभात फेरी का आयोजन भी किया जाएगा। इसके सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने झंडा मैदान में रंग-रोगन, साफ-सफाई, आकर्षक सजावट, मंच, सोफा सेट, कुर्सियां, बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य समारोह स्थल पर मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, पेयजल की समुचित व्यवस्था, पानी का टैंकर एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
अग्निशमन विभाग को भी कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन वाहन एवं आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में नगर निगम को निर्देश दिया गया कि जिले के सभी प्रमुख चौक-चौराहों की विशेष साफ-सफाई कराई जाए। साथ ही नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत स्थापित सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण कराया जाए तथा स्वतंत्रता दिवस से पूर्व सभी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के परिजनों, झारखंड आंदोलनकारियों, प्रगतिशील किसानों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। उपायुक्त ने उत्पाद विभाग को निर्देश दिया कि 15 अगस्त को 'ड्राई डे' के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा जिले में शराब की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहे। बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता यश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह धीरेंद्र कुमार, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।