Type Here to Get Search Results !

कटिहार से बरामद हुई गिरिडीह में लूटी गई दो महिलाओं की सोने की चेन, अपराधियों की पहचान; गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी तेज।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

शहर में एक ही दिन दो महिलाओं से हुई चेन छिनतई की घटनाओं का गिरिडीह पुलिस ने खुलासा करते हुए दोनों मामलों में लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली है। पुलिस ने कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र स्थित नया टोला जुराबगंज में छापेमारी कर अपराधियों के घर से दोनों चेन बरामद की है। हालांकि, वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी पहचान कर ली गई है तथा गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई की शाम करीब छह बजे मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह स्थित मंगल मूर्ति विवाह भवन के समीप दो अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने एक महिला से सोने की चेन छीन ली थी। इस मामले में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 186/2026, दिनांक 11 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसी दिन शाम करीब सात बजे नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा पावर हाउस के समीप दो बाइक सवार अपराधियों ने एक अन्य महिला से भी सोने की चेन छीन ली थी।

इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 150/2026, दिनांक 12 जुलाई 2026 को बीएनएस की धारा 304 के तहत मामला दर्ज किया गया। लगातार दो घटनाओं के बाद गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। टीम ने मानवीय सूचना, तकनीकी साक्ष्य और विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान धनबाद, बोकारो और कटिहार जिले के कई थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी की गई। पुलिस को बड़ी सफलता तब मिली जब कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के नया टोला जुराबगंज में छापेमारी के दौरान दोनों घटनाओं में छीनी गई सोने की चेन अपराधियों के घर से बरामद कर ली गई। पुलिस के अनुसार अपराधियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

*बरामद सामान*:-
दोनों मामलों में कुल दो सोने की चेन बरामद की गई हैं। इनमें मुफ्फसिल थाना क्षेत्र से छीनी गई चेन का वजन लगभग 11 ग्राम तथा नगर थाना क्षेत्र से छीनी गई चेन का वजन लगभग 19 ग्राम बताया गया है।
*एसआईटी में शामिल रहे ये अधिकारी*:-
इस कार्रवाई का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) जीतवाहन उरांव ने किया। टीम में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रथम नीरज कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) द्वितीय रूपेन्द्र कुमार राणा, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक बमबम कुमार, पुलिस निरीक्षक ज्ञान रंजन, पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक प्रिनन, विवेक कुमार माथुरी, संजय कुमार, विक्रम कुमार सिंह, अरविन्द कुमार सिंह, उपेन्द्र कुमार दास, सोनु कुमार वर्मा, मणिकान्त कुमार सहित तकनीकी शाखा के आरक्षी जोधन महतो, राजेश गोप एवं विवेक कुमार शामिल थे। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.