Type Here to Get Search Results !

दशकर्म में तालाब में डूबने से महिला व किशोरी की मौत, एक महिला गंभीर।

गावां,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र के भिखी गांव में शुक्रवार को दशकर्म के दौरान तालाब में स्नान करने गए लोगों के साथ बड़ा हादसा हो गया। तालाब में डूबने से 45 वर्षीय कलवतिया देवी (पति महेंद्र प्रसाद यादव, निवासी खेरडा, पिहरा) और 17 वर्षीय अंजली कुमारी (पिता विजय यादव) की मौत हो गई। वहीं 45 वर्षीय शिखा कुमारी (पति बहादुर यादव, निवासी भिखी) की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, अंजली कुमारी अपने नाना के श्राद्धकर्म में शामिल होने बिरने से भिखी आई थी, जबकि कलवतिया देवी भी अपने पिता के दशकर्म में शामिल होने पहुंची थीं। शुक्रवार दोपहर दशकर्म की रस्म के तहत गांव के पश्चिम स्थित तालाब में स्नान के दौरान अंजली गहरे पानी में डूबने लगी। उसे बचाने के लिए पीछे-पीछे अन्य महिलाएं भी तालाब में उतर गईं और देखते ही देखते चार महिलाएं पानी में डूब गईं।

तालाब के दूसरी ओर स्नान कर रहे पुरुषों ने चीख-पुकार सुनकर सभी को बाहर निकाला। अंजली के पिता विजय यादव ने बताया कि बेटी को बचाने के प्रयास में वे भी डूबने लगे थे, लेकिन ग्रामीणों ने समय रहते उनकी जान बचा ली। घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल गावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. काजिम खान ने जांच के बाद अंजली कुमारी और कलवतिया देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शिखा कुमारी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह रेफर कर दिया गया। दो अन्य महिलाओं का स्थानीय स्तर पर उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही गावां थाना प्रभारी जय प्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया। घटना के बाद अस्पताल में मातम का माहौल छा गया। स्वजनों के विलाप से हर किसी की आंखें नम हो गईं। विधायक प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, जिला परिषद सदस्य पवन चौधरी, बादीडीह मुखिया पति कांग्रेस यादव, बिरने मुखिया चंदन कुमार तथा कांग्रेस नेता मरगूब आलम सहित कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.