मध्य विद्यालय खुखरा में विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन संपन्न।
SHIKHAR DARPANSaturday, July 25, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
खुखरा स्थित शनिवार को मध्य विद्यालय खुखरा में एस एम सी गाइडलाइन 2026 के निर्देशानुसार विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन किया गया। समिति के पुनर्गठन को लेकर विद्यालय परिसर में बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता खुखरा पंचायत की मुखिया सुनैना पाठक ने की। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक का संचालन विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक हरेंद्र विश्वकर्मा एवं शिक्षक मनीष कुमार साहू ने किया। प्रखंड द्वारा नामित पर्यवेक्षक शिक्षक राजेंद्र प्रसाद महतो ने उपस्थित ग्रामीणों एवं अभिभावकों को विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन एवं सदस्यों के चयन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने SMC की भूमिका, विद्यालय के विकास में समिति की जिम्मेदारियों तथा बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी साझा की।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से दीपक स्वर्णकार को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष, रेशमी देवी को उपाध्यक्ष एवं आरती देवी को संयोजिका चुना गया। इसके साथ ही समिति के अन्य सदस्यों का भी चयन किया गया। इस अवसर पर खुखरा पंचायत के उपमुखिया गोवर्धन रजक, विद्यालय के निवर्तमान अध्यक्ष मनोज कुमार साव, विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अभिभावक उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन के बाद उपस्थित लोगों ने उम्मीद जताई कि नई समिति विद्यालय के शैक्षणिक विकास, बेहतर प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगी। समिति का गठन विद्यालय और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।