Type Here to Get Search Results !

उसरी नदी से जल दोहन के विरोध में पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी ने उठाई आवाज, निष्पक्ष जांच की मांग।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह के पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी ने उसरी नदी से जुड़े एक महत्वपूर्ण मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि चतरो स्थित एक निजी फैक्ट्री द्वारा उसरी नदी के जल के निजी उपयोग के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है, जिसका स्थानीय ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। निर्भय शाहाबादी ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा जनहित में उठाई जा रही मांगों का वह पूर्ण समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि उसरी नदी पहले से ही लगातार हो रहे दोहन के कारण अस्तित्व के संकट से जूझ रही है। ऐसे में यदि व्यापक जनहित और पर्यावरणीय प्रभावों का आकलन किए बिना इस प्रकार की गतिविधियां संचालित की जाती हैं, तो इससे नदी के साथ-साथ आसपास के ग्रामीणों के सामने भी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

उन्होंने अपने विधायक कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उसरी नदी को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से चेक डैम निर्माण का संकल्प लिया गया था तथा इसके लिए संभावित स्थलों का चिन्हांकन भी कराया गया था। हालांकि, बाद में परिस्थितियां बदलने के कारण यह प्रयास आगे नहीं बढ़ सका और नदी का दोहन लगातार जारी रहा। पूर्व विधायक ने गिरिडीह जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जनहित में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन से भी अपील की कि ऐसा कोई कदम नहीं उठाया जाए जिससे स्थानीय जनता, पर्यावरण और जनहित प्रभावित हो। अपने संदेश के अंत में उन्होंने कहा कि उसरी नदी को बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है और आने वाली पीढ़ियों के लिए इस जीवनदायिनी नदी की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.