साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश: आरटीओ अधिकारी और डॉक्टर बनकर करते थे ठगी, दो गिरफ्तार।
SHIKHAR DARPANFriday, July 24, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
साइबर अपराध के खिलाफ गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांडेय थाना क्षेत्र के पुनईडीह गांव के पास नर्सरी के क्षतिग्रस्त मकान में बैठकर साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी मोबाइल फोन के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक गिरिडीह के निर्देश पर रामेश्वर भगत, थाना प्रभारी साइबर थाना गिरिडीह के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर खुद को आरटीओ अधिकारी और डॉक्टर बताकर लोगों से साइबर ठगी करते थे।
आरोपियों द्वारा लोगों को कभी आरटीओ चलान के नाम पर तो कभी डॉक्टर से अपॉइंटमेंट बुकिंग कराने के नाम पर ठगा जाता था। इस मामले में साइबर थाना गिरिडीह में कांड संख्या 22/2026, दिनांक 24 जुलाई 2026 दर्ज किया गया है। वही गिरफ्तार आरोपी मो. कैफ अंसारी, उम्र करीब 21 वर्ष, पिता- इब्राहिम मियां एवं मो. इरशाद अंसारी, उम्र करीब 19 वर्ष, पिता- मो. आरिफ अंसारी दोनों आरोपी साकेत-बक्सीगरजा थाना गांडेय, जिला गिरिडीह के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन, 7 सिम कार्ड, 1 आई-पैड और 2 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी पु0नि0 रामेश्वर भगत, पु0नि0 गुंजन कुमार गांडेय थाना प्रभारी पु0अ0नि0 आनंद कुमार, स0अ0नि0 गजेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस लाइन से प्राप्त सशस्त्र बल ने भी अभियान में सहयोग किया। गिरिडीह पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन पर अपनी निजी जानकारी, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।