कृषि विभाग के निदेशक ने पीरटांड़ प्रखंड मुख्यालय का किया निरीक्षण, किसानों से किया संवाद।
SHIKHAR DARPANTuesday, July 21, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
कृषि विभाग के समिति डायरेक्टर विकास कुमार ने पीरटांड़ प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर कृषि विभाग से संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड के दर्जनों किसानों के साथ संवाद कर खेती-किसानी से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान किसानों के बीच बीज का भी वितरण किया गया। निरीक्षण के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मियों से विभागीय योजनाओं की जानकारी लेने के साथ-साथ किसानों को मिल रही सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली गई। उन्होंने प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (BTM) अमित कुमार को कृषि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कृषि समिति डायरेक्टर ने किसानों से कहा कि इस वर्ष कम बारिश की स्थिति को देखते हुए किसान ऐसी फसलों की खेती करें, जिनमें कम पानी की आवश्यकता होती है। उन्होंने किसानों को मौसम और उपलब्ध जल संसाधनों के अनुसार फसल चयन करने की सलाह दी। इस दौरान किसानों ने भी खेती से जुड़ी अपनी समस्याओं और सुझावों को उनके समक्ष रखा, जिस पर उन्होंने गंभीरता से विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम के दौरान किसान मित्र रफीउद्दीन अंसारी, पंचम सिंह, अनिलेश गौरव समेत अन्य किसान मित्रों ने भी कृषि विभाग के समिति डायरेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। किसान मित्रों ने लंबे समय से लंबित वेतन भुगतान को जल्द से जल्द कराने की मांग की। इस पर समिति डायरेक्टर ने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी किसान मित्रों के लंबित वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा। साथ ही डीसीएस का भुगतान भी शीघ्र कराने का आश्वासन दिया गया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, किसान मित्र और कृषि विभाग से जुड़े कर्मी मौजूद रहे।