Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह स्टेडियम में युवाओं से मिले सामाजिक कार्यकर्ता राजेश सिन्हा, बोले- “हम हमेशा साथ थे और आगे भी साथ खड़े मिलेंगे”।

गिरिडीह, शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह स्टेडियम में शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ता राजेश सिन्हा ने युवाओं से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर संवाद किया। इंकलाबी नौजवान सभा के तबारक चुन्नू की अगुवाई में स्टेडियम पहुंचे राजेश सिन्हा ने गिरिडीह फिटनेस एकेडमी के युवाओं और उसके प्रबंधन से बातचीत की। इस दौरान मैनेजमेंट से जुड़े मो. सदाब, अली राजा, पंकज कुमार सिंह, राजा कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। युवाओं को संबोधित करते हुए राजेश सिन्हा ने कहा कि युवाओं को गलत के खिलाफ खुलकर अपनी आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र, युवा और बेरोजगारों की हर लड़ाई में वे हमेशा साथ खड़े रहे हैं और आगे भी साथ खड़े मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इंकलाबी नौजवान सभा और छात्र संगठन आइसा युवाओं और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ते आए हैं। राजेश सिन्हा ने कहा कि देश की आबादी का लगभग 65 प्रतिशत हिस्सा युवा है, लेकिन युवा अपनी आवाज उठाने के लिए राजनीतिक दलों के भरोसे नहीं रह सकते।

उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दलों के नेता युवाओं को केवल चुनाव के समय याद करते हैं, जो गलत है। उन्होंने युवाओं और छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे इंकलाबी नौजवान सभा और आइसा को समझें और संगठन से जुड़कर छात्र यूनियन एवं युवा यूनियन के बैनर तले अपनी मांगों को मजबूती से उठाएं।इंकलाबी नौजवान सभा के तबारक चुन्नू ने कहा कि युवाओं को हर जगह अपनी आवाज बुलंद करने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि जल्द ही गिरिडीह में युवाओं की एक बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं की टीम गठित की जाएगी। उन्होंने कहा कि एकराम अंसारी और नौशाद भी जल्द ही युवाओं के साथ बैठक करेंगे। वहीं, मो. सदाब ने कहा कि केंद्र सरकार हो या राज्य सरकार, युवाओं के लिए रिक्तियां काफी देर से निकाली जाती हैं, जिसका खामियाजा बेरोजगार युवाओं को भुगतना पड़ता है। उन्होंने जंतर-मंतर और जेपीएससी आंदोलन को जायज बताते हुए कहा कि गिरिडीह में भी युवाओं के मुद्दों को लेकर बड़े आंदोलन की जरूरत है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.