Type Here to Get Search Results !

प्रतिभा सम्मान समारोह के साथ प्लस टू पंचायत उच्च विद्यालय बरियारपुर खुखरा में विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन संपन्न।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

प्रखंड के प्लस टू पंचायत उच्च विद्यालय बरियारपुर खुखरा में मंगलवार को प्रतिभा सम्मान समारोह एवं विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के पुनर्गठन का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में इस वर्ष विद्यालय से कक्षा 10वीं एवं 12वीं की विभिन्न संकायों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पीरटांड़ प्रमुख सविता टुडू एवं विशिष्ट अतिथियों उपप्रमुख महेंद्र महतो, पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक तथा उपमुखिया गोवर्धन रजक द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिले में कला संकाय की टॉपर बनी छात्रा प्रीति कुमारी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विद्यालय के अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान देकर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की सबसे मजबूत नींव है और विद्यालय के विद्यार्थियों की उपलब्धियां पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के तत्कालीन अध्यक्ष सोमनाथ पाण्डेय ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके बाद विद्यालय में उपस्थित अभिभावकों की बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का पुनर्गठन किया गया। सर्वसम्मति से बोधन यादव को निर्विरोध अध्यक्ष तथा रीना देवी को उपाध्यक्ष चुना गया। साथ ही समिति के अन्य सदस्यों का भी चयन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक आलेख अली, पर्यवेक्षक प्रवीण कुमार, निवर्तमान अध्यक्ष सोमनाथ पाण्डेय, विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साह एवं हर्षोल्लास के वातावरण में हुआ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.