हाथी हमले के पीड़ित परिवार से मिले झामुमो नेता नारायण पाण्डेय, शीघ्र मुआवज़ा दिलाने का दिलाया भरोसा।
SHIKHAR DARPANTuesday, July 28, 2026
0
बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।
बिरनी प्रखंड के जनता जरिडीह निवासी स्वर्गीय उपेंद्र यादव (लगभग 40 वर्ष) की जंगली हाथी के हमले में हुई दर्दनाक मौत के बाद बगोदर विधानसभा क्षेत्र के झामुमो नेता नारायण पाण्डेय मंगलवार को उनके आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।परिजनों से मुलाकात के बाद श्री पाण्डेय ने वन विभाग के डीएफओ एवं रेंजर से दूरभाष पर बातचीत कर मृतक के आश्रितों को शीघ्र मुआवज़ा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता प्रदान की जाए ताकि उन्हें तत्काल राहत मिल सके।
वन विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मंगलवार शाम तक मृतक के परिजनों को ₹1 लाख की तत्काल सहायता राशि उपलब्ध करा दी जाएगी। साथ ही आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही शेष मुआवज़ा राशि भी बिना किसी विलंब के प्रदान की जाएगी।नारायण पाण्डेय ने कहा कि जंगल से सटे क्षेत्रों में जंगली हाथियों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग को स्थायी और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं और उन्हें न्याय व सरकारी सहायता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।