Type Here to Get Search Results !

बिरनी में दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौतपड़रमनिया में युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, नगड़ी में फ्रिज से पानी निकालने के दौरान करंट लगने से युवक की गई जान; ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप।

बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।

बिरनी प्रखंड में मंगलवार का दिन दो परिवारों के लिए बेहद दुखद साबित हुआ। प्रखंड के अलग-अलग गांवों में हुई दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। एक युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि दूसरे युवक की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद गांवों में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।भरकट्टा ओपी क्षेत्र के पड़रमनिया गांव निवासी 26 वर्षीय जनार्दन कुमार मंडल (पिता- किशुन मंडल) का शव मंगलवार सुबह घर के कमरे में पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला। परिजनों के अनुसार सोमवार रात परिवार के सभी सदस्य पड़ोस में आयोजित एक शादी समारोह से लौटे थे। घर पहुंचने पर जनार्दन को दूध पीने के लिए दिया गया, लेकिन उसने बाद में पीने की बात कहकर अपने कमरे में चला गया। मंगलवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों को संदेह हुआ। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण खिड़की से देखा गया तो जनार्दन का शव फंदे से लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही भरकट्टा ओपी पुलिस के एएसआई भक्तलाल मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।वहीं दूसरी घटना बलिया पंचायत के नगड़ी गांव की है। यहां 25 वर्षीय सद्दीक अंसारी (पिता- हकीम मियां) की घर में फ्रिज से पानी निकालने के दौरान बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। बताया जाता है कि करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस दौरान गांव के ही बसीर अंसारी के पुत्र साबिर अंसारी भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए।ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय गांव में बिजली का वोल्टेज असामान्य रूप से अधिक था, जिसके कारण करीब 15 से 20 घरों के बिजली उपकरण भी खराब हो गए। सद्दीक अंसारी अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बेटियों को छोड़ गया है। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

घटना की सूचना मिलने पर भरकट्टा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग करते हुए कुछ देर तक पुलिस की कार्रवाई रोक दी। बाद में मुखिया प्रतिनिधि सगीर अंसारी, भाकपा माले नेता मुस्तकीम अंसारी और कमरुद्दीन अंसारी ने विद्युत विभाग के एसडीओ विनोद कुमार से दूरभाष पर बातचीत की। इसके बाद विभाग के कर्मी गणेश महतो मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान उन्होंने मृतक के शरीर के दाहिने पिछले हिस्से पर करंट लगने के निशान और झुलसने की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।घटना के बाद मृतक के परिजनों ने विद्युत विभाग से मुआवजे की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि गांव में लंबे समय से बिजली संबंधी समस्याएं बनी हुई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी करंट लगने से दो बैलों की मौत हो चुकी है, लेकिन विभाग ने समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। मंगलवार की घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.