प्रेम प्रसंग में चली गोली: प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक पर परिजनों का हमला, हाथ में लगी गोली।
SHIKHAR DARPANMonday, July 20, 2026
0
बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।
राजेश सिंह।
गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के मांझीलाडीह गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। देर रात अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक पर युवती के परिजनों ने कथित तौर पर गोली चला दी। गोली युवक के हाथ में लगी, जिससे उसका हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद स्थित पीएमसीएच रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बिरनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना के बाद मांझीलाडीह गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।